Raipur News:-छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसमें चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा आतुरगांव के पास नेशनल हाइवे-30 पर हुआ, जब एक स्विफ्ट डिजायर कार पुल से टकराकर आग की चपेट में आ गई। जानकारी के अनुसार, कार मूरवैंड से कांकेर की ओर जा रही थी। रात करीब 1 बजे तेज रफ्तार से दौड़ रही कार सड़क के डायवर्जन को पार करते समय पुल की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में तुरंत आग लग गई। कार में सवार छह युवकों में से चार युवक अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए, जबकि दो युवक कार से बाहर गिर गए, जो गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया और शवों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान युवराज सोरी (24), हेमंत (कार चालक), दीपक और सूरज के रूप में की गई है। गंभीर रूप से घायल युवकों के नाम प्रीतम नेताम और पृथ्वीराज बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसडीओपी मोहसिन खान ने बताया कि पुल के पास निर्माण कार्य के चलते सड़क डायवर्ट की गई थी। चालक वाहन की तेज रफ्तार पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधी पुल की रेलिंग से जा भिड़ी, जिससे यह भयावह हादसा हुआ।
बताया जा रहा है कि कार कांकेर के शांति नगर निवासी प्रशांत सिन्हा की थी। इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है, और पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।

