Bokaro News:- चंदनक्यारी थाना क्षेत्र में रविवार को दो अलग-अलग तालाब में डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई। सबसे दर्दनाक हादसा गम्हरिया गांव में हुआ। यहां एक ही परिवार की मां और दो बेटियों समेत चार महिलाएं डूब गईं। दूसरी घटना बरमसिया गांव की है, जहां एक लड़का तालाब में डूब गया।

गम्हरिया गांव की घटना दोपहर करीब 1 बजे की है। मृतकों में 35 वर्षीय शांति देवी, उनकी बेटियां साक्षी (15) और देवनी (9), तथा पड़ोसी 50 वर्षीय ज्योत्सना देवी शामिल हैं। ग्रामीणों ने बताया कि महिलाएं बच्चियों के साथ तालाब में स्नान करने गई थीं। स्नान के दौरान देवनी गहराई में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने गई साक्षी भी डूब गई। दोनों को डूबता देख शांति देवी और ज्योत्सना देवी ने बचाने की कोशिश की, लेकिन वे भी डूब गईं। शांति देवी के पति दिनेश दास बोकारो जिला परिषद कार्यालय में क्लर्क हैं।
बरमसिया गांव में एक लड़का तालाब में डूब गया। ग्रामीणों की मदद से सभी शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए चास अनुमंडलीय अस्पताल भेजा।
इधर, गोमिया थाना क्षेत्र के सिमरबेड़ा गांव में मंगलवार को वज्रपात से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पुहुराम मांझी (40) और जीतन मांझी (55) शामिल हैं। जीतन मांझी, सिमरबेड़ा के दूदू टोला में अपने रिश्तेदार पुहुराम मांझी के घर आए थे। दोपहर को दोनों गांव के एक चबूतरे पर बैठे थे। तभी गरज के साथ बारिश शुरू हुई। चबूतरे के पास कई पेड़ थे। इसी दौरान वज्रपात हुआ और दोनों उसकी चपेट में आ गए।
परिजन उन्हें रामगढ़ सदर अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पंचायत की मुखिया भानु कुमारी मोदी ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि सरकारी मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।