Dumka News:- जिले के जामा थाना क्षेत्र स्थित मयूराक्षी नदी में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। मिनी गोवा नाम से मशहूर इस स्थान पर स्नान करने पहुंचे चार छात्र नदी में डूब गए। देर रात तक चली खोजबीन में कृष्ण सिंह (17 वर्ष) का शव बरामद कर लिया गया, जबकि तीन अन्य छात्रों का शव शुक्रवार को बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से चार मोबाइल फोन और कपड़े बरामद किए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, दुमका शहर के रहने वाले चारों दोस्त शाम को घर से निकले थे, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। इसी बीच हरिपुर गांव के ग्रामीणों ने नदी किनारे कपड़े और मोबाइल देखे तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मृतक कृष्ण सिंह दुमका जिला स्कूल में 12वीं का छात्र था और बक्शी बांध इलाके का रहने वाला था। लापता छात्रों में आर्यन कुमार, कृष और एक अन्य आर्यन का नाम सामने आया है। फिलहाल उनके परिवारजन नदी किनारे मौजूद हैं और गोताखोरों की मदद से खोजबीन की जा रही है।
स्थानीय लोग बताते हैं कि मयूराक्षी नदी का यह इलाका पूरे वर्ष पानी से भरा रहता है और यहां हादसे अक्सर होते रहते हैं। वर्ष 2016 में भी इसी स्थान पर स्नान करने गए छह छात्रों की डूबकर मौत हो गई थी। उस घटना में पांच शव बरामद हुए थे, जबकि एक छात्र का शव आज तक नहीं मिल पाया।
इस घटना की जानकारी मिलने पर दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि गुरुवार रात ही प्रशासन को सूचना मिली थी। इसके बाद तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया। शुक्रवार को गोताखोरों की अतिरिक्त टीम बुलाई गई है ताकि लापता छात्रों को जल्द खोजा जा सके।
फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस, एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम मौजूद है। वहीं, इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजन बदहवास स्थिति में नदी किनारे अपने बच्चों की सलामती की दुआ कर रहे हैं।

