Dumka News:- सरैयाहाट थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की की तस्करी के संगीन मामले का खुलासा करते हुए तीन महिला समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। यह कार्रवाई उस समय शुरू हुई जब 6 दिसंबर को पीड़िता के दादा ने थाने में आवेदन देकर पोती के लापता होने की जानकारी दी।
आवेदन में बताया गया कि लड़की करीब एक माह पहले सिलाई सीखने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद थाने में सनहा दर्ज किया गया और पुलिस ने सत्यापन शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नाबालिग मुजफ्फरपुर (बिहार) में मौजूद है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया और खोजबीन के लिए पुलिस टीम को बिहार भेजा।
उधर, उसी रात वादी ने पुलिस को बताया कि उसकी पोती को 80 हजार रुपये में सरैयाहाट मरकुंडा की चुड़की देवी, बाबुडीह की पार्वती देवी और गोड्डा बकसरा की पिंकी देवी उर्फ प्रियंका देवी ने मिलकर मोतिहारी जिले के सगहरी गांव निवासी अरुण सिंह को बेच दिया है। तत्काल मामला दर्ज कर मुजफ्फरपुर गई पुलिस टीम को इसकी सूचना दी गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अरुण सिंह के घर से नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले आई। इसके बाद दूसरी टीम ने सरैयाहाट, बाबुडीह और बकसरा गांवों में छापेमारी कर तीनों महिला आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में चुड़की देवी (50), पार्वती देवी (55), पिंकी देवी उर्फ प्रियंका देवी (40) और अरुण सिंह (25) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी राजेंद्र यादव समेत पुलिस बल के जवान शामिल थे।

