Hazaribag News:- हजारीबाग पुलिस को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। मुफ्फसिल थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर करीब 42.5 लाख रुपये मूल्य की अफीम बरामद की है। इस दौरान चार अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
रविवार को प्रेसवार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमित आनंद ने बताया कि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कत्था फैक्ट्री के पास टॉयोटा शो रूम के सामने कुछ तस्करों के अफीम की खरीद-बिक्री करने की सूचना मिली थी।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद चारों तस्कर पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से 8.2 किलोग्राम अफीम, चार मोबाइल फोन और एक पिकअप वाहन बरामद किया गया। बरामद अफीम की कीमत करीब 42.5 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान सचिन कुमार, राकेश कुमार, ननकू ठाकुर और अजीत दांगी के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि वे अफीम को चतरा से हरियाणा ले जा रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक शुभ्रज्योति, थाना प्रभारी रोशन कुमार, सशस्त्र बल के जवान और तकनीकी शाखा की टीम शामिल थी। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

