Ramgarh News:- रामगढ़ जिले में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटों के भीतर हाथियों के झुंड ने चार लोगों को कुचलकर मार डाला, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम है। हाथियों के भय से ग्रामीण अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, वेस्ट बोकारो ओपी क्षेत्र में हाथियों ने सीसीएल सुरक्षा गार्ड अमित कुमार, आरा कांटा चार नंबर निवासी पार्वती देवी, सावित्री देवी और एक बाइक सवार युवक को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। इन घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
घटना की पुष्टि करते हुए डीएफओ नीतीश कुमार ने बताया कि मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए फिलहाल 25-25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि दी गई है। साथ ही आपदा प्रबंधन मद से चार लाख रुपये का मुआवजा मृतकों के आश्रितों को देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझाने के बाद सड़क जाम हटाया गया।
कच्चे मकान तोड़े, सात लोग घायल
मंगलवार रात हाथियों का झुंड आरा कांटा कोलियरी के रिहायशी इलाके में घुस आया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाकर घरों से बाहर भागने लगे। इसी दौरान आरा कांटा चार नंबर मुहल्ले में पार्वती देवी को हाथियों ने रौंद दिया, जबकि सड़क किनारे छिपी सावित्री देवी को भी कुचलकर मार डाला गया। इसके बाद बाइक से जा रहे एक युवक को भी हाथियों ने निशाना बनाया।
हाथियों के हमले में कई कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इस दौरान आरती देवी, पप्पू साहू समेत कुल सात ग्रामीण घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नए अनाज और महुआ शराब की खुशबू खींच रही हाथियों को आबादी की ओर
डीएफओ नीतीश कुमार ने बताया कि जंगल क्षेत्र में फिलहाल 50 से अधिक हाथी मौजूद हैं, जो झुंड से बिखरकर अलग-अलग इलाकों में घूम रहे हैं। घरों में रखे नए अनाज और महुआ शराब की खुशबू से आकर्षित होकर हाथी रिहायशी इलाकों में प्रवेश कर रहे हैं।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे घरों में देसी शराब का भंडारण न करें। रात के समय घरों के अंदर सुरक्षित कमरों में सोएं और बाहर निकलते समय समूह में निकलें। वन विभाग की पांच टीमें हाथियों को रिहायशी इलाकों से दूर रखने के लिए लगातार क्षेत्र में तैनात हैं, इसके बावजूद ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

