Palamu News:- मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र में हुई युवक की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। मामले में मृतक की प्रेमिका के पिता, मां, दादा और भाई को गिरफ्तार किया गया है।
मृतक की पहचान सुआ गांव निवासी 30 वर्षीय अमरेंद्र सिंह उर्फ बबलू के रूप में हुई थी। 16 अगस्त की सुबह उसका शव डालटनगंज रेलवे स्टेशन से सटे जोगियाही रेल पटरी पर क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किया गया था।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला
पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन ने रविवार को बताया कि अमरेंद्र और उसकी प्रेमिका काजल कुमारी के बीच पिछले पांच साल से संबंध थे। हालांकि, काजल की शादी 2022 में हो चुकी थी और उसका एक बच्चा भी है। इसके बावजूद दोनों का मिलना-जुलना और बातचीत जारी रही।
परिवार वालों ने कई बार इसका विरोध किया। रक्षाबंधन पर जब काजल अपने मायके आई तो 15 अगस्त को उसने अमरेंद्र से एक स्कूल में मुलाकात की। देर रात दोनों के दोबारा मिलने की योजना थी, लेकिन इससे पहले ही काजल के परिजनों को इसकी भनक लग गई।
हत्या कर दुर्घटना दिखाने की कोशिश
पुलिस जांच में सामने आया कि 15 अगस्त की रात अमरेंद्र को प्रेमिका के घर बुलाया गया, जहां उसे पकड़कर कमरे में बंद कर दिया गया और फिर गला दबाकर हत्या कर दी गई। बाद में परिजनों ने शव को मोटरसाइकिल से रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया, ताकि इसे दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
चार गिरफ्तार, सामान बरामद
पुलिस ने मामले का उद्भेदन कुछ ही घंटों में कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में काजल कुमारी के पिता योगेंद्र यादव, मां कलावती देवी, दादा बृक्ष यादव और भाई राकेश यादव शामिल हैं। घटना में प्रयुक्त रस्सी, गमछा, मोटरसाइकिल और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अमरेंद्र खलासी का काम करता था। हत्या की इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।

