Ramgarh News:- रामगढ़ जिले के कुजू स्थित श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्लांट में लोहा का बॉयलर फटने से पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और घायलों को आनन-फानन में प्राइम हॉस्पिटल रामगढ़ ले जाया गया। डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए दो मजदूरों को रांची रेफर कर दिया। इनमें से नेटलाल ठाकुर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर अब्दुल अंसारी की हालत नाजुक बनी हुई है।
मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को प्लांट गेट पर रखकर जाम कर दिया और प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। ग्रामीणों ने मृतक परिवार को उचित मुआवजा, नौकरी और मृतक की पत्नी को पेंशन देने की मांग की। उनका कहना था कि प्लांट में सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन किया जाता है। इससे पहले भी कई घटनाएं घट चुकी हैं, लेकिन प्रबंधन द्वारा हमेशा मामले को दबा दिया जाता है।
सूचना मिलते ही मौके पर अंचलाधिकारी मांडू तृप्ति विजया कुजूर, कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह, मांडू विधायक तिवारी महतो, जेएलकेएम केंद्रीय सचिव रवि कुमार और राजद जिलाध्यक्ष मो. गुलजार सहित कई जनप्रतिनिधि पहुंचे। सभी ग्रामीणों को समझाने और प्रबंधन से वार्ता कराने में जुटे हैं।
ग्रामीणों का गुस्सा इस बात को लेकर भी है कि लगातार हादसों के बावजूद फैक्ट्री प्रबंधन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। उनका कहना है कि मजदूरों की सुरक्षा को ताक पर रखकर उत्पादन कराया जाता है।
खबर लिखे जाने तक प्रशासन, ग्रामीणों और प्रबंधन के बीच वार्ता जारी थी। हालांकि, अभी तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सका है। पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर कैंप कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

