Palamu News:- पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत अलीनगर गांव में शनिवार को एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव के ही कुछ लोगों ने पुलिस जवान के घर में घुसकर उसकी पत्नी, पिता और दो बेटियों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में चार लोग घायल हो गए, जिनमें पुलिस जवान की पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना में गंभीर रूप से घायल महिला की पहचान सोना देवी (45) के रूप में हुई है, जबकि अन्य घायलों में नंदन कुमारी (18), काजल कुमारी (13) और वृद्ध महाराज पासवान (75) शामिल हैं। सभी घायलों को पहले हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सोना देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एमएमसीएच) रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घायल सोना देवी ने बताया कि शनिवार को गांव के ही स्वर्गीय अखिलेश पासवान के पुत्र धीरज कुमार और नीरज कुमार से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश में दोनों अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ मिलकर देर रात पुलिस जवान के घर में घुस आए और टांगी व लाठी-डंडे से परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। हमले के दौरान महिलाओं और बुजुर्ग को भी नहीं बख्शा गया।
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इधर, मामले को लेकर घायल परिवार की ओर से हुसैनाबाद थाना में लिखित आवेदन दिया गया है। आवेदन मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस जवान वीरेंद्र पासवान वर्तमान में टाटा के गालूडीह थाना में पदस्थापित हैं। जैसे ही उन्हें घटना की सूचना मिली, वे तुरंत मेदिनीनगर पहुंचे और अपनी पत्नी के इलाज की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

