Palamu News:- पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगेस्टर राहुल सिंह गैंग के चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। ये अपराधी नेशनल हाइवे-39 निर्माण स्थल पर रंगदारी के लिए फायरिंग करने पहुंचे थे। सोमवार रात गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई में पुलिस ने उनके पास से विदेशी पिस्टल, दो अन्य हथियार, 9 एमएम की 50 राउंड गोली, 22 हजार रुपये नकद, चोरी की तीन मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए।
मंगलवार को एएसपी अभियान राकेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अपराधी सोमवार रात रंगदारी के इरादे से निकले थे। पहले वे सिंगरा पहुंचे, लेकिन भीड़ अधिक होने पर वहां से दूसरी साइट की ओर बढ़ गए। इसी दौरान पोखराहा अकड़ाही आहर के पास गुप्त सूचना पर पुलिस ने उन्हें घेर लिया। तलाशी में भारी मात्रा में हथियार और नकदी बरामद की गई
पुलिस जांच में सामने आया कि चार में से तीन अपराधियों का आपराधिक इतिहास है। ये संगठित अपराध गिरोह से जुड़े हुए हैं और लेवी वसूली में सक्रिय रहते हैं। 4 जुलाई को सिंगरा फ्लाइओवर निर्माण स्थल पर मजदूर पर गोली चलाने की घटना में भी ये शामिल थे। उस समय राहुल सिंह के कहने पर सहजाद आलम और साहिल कुमार ने घटना को अंजाम दिया था। उस वारदात में इस्तेमाल हथियार और बाइक भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस ने अपराधियों के पास से बरामद विदेशी हथियार के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह ऑस्ट्रिया निर्मित है और आम तौर पर बड़े अधिकारियों को मुहैया कराया जाता है। इतना खतरनाक हथियार अपराधियों तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच जारी है। एएसपी ने कहा कि राहुल सिंह गैंग अपने गुर्गों को हथियार, पैसा और सभी सुविधाएं उपलब्ध कराता है।
गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान लालकोठा मुस्लिमनगर तेलीपट्टी निवासी सहजाद आलम (30), कुम्हारटोली निवासी साहिल कुमार (23), अम्बेडकर नगर निवासी रोहित कुमार (24) और चैनपुर-शाहपुर कुरैशी मुहल्ला निवासी फरहान कुरैशी उर्फ शैलू कुरैशी (24) के रूप में हुई है। इनमें से सहजाद, रोहित और फरहान के खिलाफ पहले से चैनपुर और शहर थाना में आपराधिक मामले दर्ज हैं। फरहान करसो गोलीकांड मामले में जेल भी जा चुका है।
कार्रवाई करने वाली टीम में एसडीपीओ सदर मणिभूषण प्रसाद, इंस्पेक्टर सुरेश राम, सदर थाना प्रभारी लालजी, चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा सहित पुलिस के कई अधिकारी और टाइगर मोबाइल दल शामिल थे। पुलिस ने इसे बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि जिले में रंगदारी और अपराध के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।

