Ranchi News: राजधानी रांची में शादी समारोह के दौरान दुल्हन के भाई के अपहरण की घटना को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर कुछ ही घंटों में सुलझा लिया। नगड़ी थाना क्षेत्र से अपहृत युवक सुमित सोनी को सुरक्षित बरामद करते हुए पुलिस ने इस किडनैपिंग में शामिल चार आरोपितों—नारायण कुमार, सोनू कुमार विश्वकर्मा, सुमित कुमार और हर्ष कुमार—को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी बिहार के आरा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने गिरफ्तारियों के दौरान उनके कब्जे से एक सफेद स्विफ्ट डिजायर कार (बीआर 01 एफए 8738) तथा चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी आर्थिक संकट में थे और कर्ज नहीं चुका पाने की वजह से उन्होंने अपहरण की योजना बनाई थी। पुलिस ने दो आरोपियों के पास से प्रतिबंधित नशीली दवाइयां भी बरामद की हैं।
घटना 24 नवंबर की रात नगड़ी क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान घटी। बताया जाता है कि उस समय दुल्हन के भाई सुमित सोनी को कुछ लोगों ने जबरन कार में बैठाकर फरार हो गए। थोड़ी ही देर बाद पीड़ित के पिता विश्वंभर प्रसाद को अपराधियों का फोन आया जिसमें 20 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई। परिजनों ने तुरंत इस घटना की सूचना नगड़ी थाना पुलिस को दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने तुरंत एक विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया। ग्रामीण एसपी (एसपी-रुरल) के नेतृत्व में बनी इस टीम ने टेक्निकल सेल की मदद से आरोपियों के मोबाइल लोकेशन और अन्य इनपुट जुटाए। पुलिस की तेज कार्रवाई के कारण आरोपी युवक को नुकसान पहुंचाने का मौका नहीं पा सके और पुलिस ने उसे सुरक्षित छुड़ा लिया।
हेडक्वार्टर-2 के डीएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि नगड़ी (दलादला ओपी) पुलिस की तत्परता और समन्वित प्रयास के चलते यह मामला बेहद कम समय में सुलझ गया। फिलहाल सभी आरोपितों से विस्तृत पूछताछ जारी है और मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

