Ranchi News: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के साले और पूर्व सांसद साधु यादव ने चर्चित लेखक मृत्युंजय शर्मा को 5 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। यह नोटिस लेखक की किताब ब्रोकन प्रोमाइसेस और बिजनेस पॉडकास्टर राज शमानी के शो में दिए गए बयानों के चलते भेजा गया है।
शर्मा ने अपनी किताब और पॉडकास्ट में साधु यादव पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। इनमें सबसे प्रमुख है 1999 के बहुचर्चित शिल्पी-गौतम डबल मर्डर केस में कथित संलिप्तता, 1997 में छात्र नेता चंद्रशेखर की हत्या के बाद जेएनयू के छात्रों पर गोली चलवाने का आदेश देना, और 2002 में रोहिणी आचार्य की शादी के दौरान पटना में लूटपाट जैसी घटनाओं से जुड़ी भूमिका।इन सभी आरोपों को साधु यादव ने सिरे से खारिज करते हुए उन्हें मानहानिकारक बताया है। उन्होंने कहा कि यह उनकी छवि को खराब करने की सुनियोजित साजिश है।
वहीं लेखक मृत्युंजय शर्मा ने अपने जवाब में स्पष्ट रूप से कहा कि उन्होंने सिर्फ “बिहार के जंगलराज का सच” लिखा है और वह न तो माफी मांगेंगे, न ही किसी से डरेंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि साधु यादव ने उन्हें पहले भी फोन कर डराने की कोशिश की थी और अगर उन्हें या उनके परिवार को कुछ होता है, तो इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह साधु यादव की होगी।
यह मामला सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। लोग शर्मा के साहस की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ लोग इसे राजनीतिक स्टंट भी बता रहे हैं। वहीं, एक बार फिर लालू-राबड़ी शासनकाल के ‘जंगलराज’ की चर्चा तेज हो गई है।
इस खबर को भी पढ़ें : बेसमेंट में चल रही थी नकली सिगरेट फैक्ट्री, पुलिस ने किया भंडाफोड़ पकड़ी 3 करोड़ की मशीन, दो गिरफ्तार
इस खबर को भी पढ़ें : शराबबंदी वाले राज्य में कोर्ट परिसर से शराब बरामद, शौचालय में छिपा कर रखा गया था, सफाई कर्मी गिरफ्तार

