Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले में वन विभाग ने शनिवार सुबह एक बड़ी और गुप्त कार्रवाई को अंजाम देकर कोरल तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई साकची थाना क्षेत्र स्थित होटल विराट में की गई, जहां समुद्र से प्राप्त कीमती कोरल की अवैध खरीद-फरोख्त की जा रही थी।
डीएफओ सबा आलम अंसारी को लंबे समय से इस काले कारोबार की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर शनिवार सुबह टीम ने होटल में अचानक छापेमारी की। होटल के एक कमरे में की गई तलाशी में टीम को कोरल की खेप बरामद हुई। मौके पर मौजूद चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में एक पश्चिमी सिंहभूम निवासी बताया जा रहा है, जबकि तीन अन्य आरोपित रांची के रहने वाले हैं।
तलाशी के दौरान वन विभाग की टीम ने होटल कमरे से कोरल को जब्त कर लिया, जिसकी बाजार में कीमत लाखों में बताई जा रही है। गिरफ्तार तस्करों में हरी चरण गोप और प्रमोद कैबर्ता की पहचान सार्वजनिक की गई है, जबकि सुरक्षा कारणों से अन्य दो की पहचान को फिलहाल गोपनीय रखा गया है।
सभी आरोपितों को आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग के कार्यालय ले जाया गया, जहां उनसे लगातार पूछताछ जारी है। अधिकारियों का मानना है कि यह कोई छोटा गिरोह नहीं, बल्कि एक बड़ा नेटवर्क है, जो समुद्री जीवों के अवैध व्यापार में सक्रिय है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, कोरल को यहां से बाहर के बाजारों तक पहुंचाने की तैयारी चल रही थी।
वन विभाग इस बात की भी जांच कर रहा है कि इस नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और बरामद कोरल कहां से लाया गया था। विभाग ने कहा है कि अगर अन्य स्थानों पर भी इस तरह का अवैध कारोबार चल रहा है तो उसके खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
इस सफल छापेमारी से शहर में संचालित पर्यावरण-विरोधी गतिविधियों पर बड़ा अंकुश लगा है और यह कार्रवाई अवैध व्यापारियों के लिए एक कड़ा संदेश मानी जा रही है।

