Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी में पुलिस ने संत रोबर्ट स्कूल के पीछे मैदान से पांच युवकों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 119 पुड़िया ब्राउन शुगर, एक सफेद हुंडई कार, चार मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के चेकबुक-पासबुक, क्रेडिट कार्ड और नौ कंपनियों से जुड़े क्यूआर कोड बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह डिजिटल पेमेंट के माध्यम से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करता था। लाखों रुपये का लेन-देन यूपीआई और क्यूआर कोड के जरिए किया जा रहा था। पुलिस अब इस नेटवर्क के पूरे तार जोड़ने में लगी है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अरविंद शर्मा उर्फ कैडी उर्फ छोटू (23) और सन्नी स्वांसी (19) दोनों सोपोडेरा निवासी, मोहम्मद समीर (26) और मोहम्मद सब्बीर हुसैन (29) दोनों मकदमपुर निवासी तथा मोहम्मद तौफिक आलम (19) सलगाझारी निवासी के रूप में हुई है।
सिटी एसपी कुमार शिव आशीष ने बताया कि सभी आरोपितों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी ताकि यह पता चल सके कि ब्राउन शुगर कहां से लाया जा रहा था और किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जाती थी। प्रारंभिक जांच में इस अवैध धंधे में और लोगों के भी शामिल होने की जानकारी मिली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
ब्राउन शुगर के इस धंधे को रोकने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। नशे के कारोबार से जुड़े ऐसे नेटवर्क का भंडाफोड़ पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

