Jamshedpur News:- धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस को ब्राउन शुगर तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ग्राम दुधचुआ बांस टाल मैदान से पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार रात की गई थी। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घाटशिला के निर्देशन में थाना प्रभारी मो. अमीर हमजा के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम ने यह ऑपरेशन चलाया। टीम ने टाटा कंपनी के एक ट्रक को घेरकर तलाशी ली, जिसमें से पांचों आरोपी रंगे हाथ पकड़े गए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से 4.17 ग्राम ब्राउन शुगर, ₹3500 नकद, और पांच एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने ट्रक को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस ने जिन आरोपियों को पकड़ा है, उनकी पहचान शमशेर अहमद उर्फ भुटान (35 वर्ष), चिंटु राय (26 वर्ष), गौतम महतो (33 वर्ष), राहुल दुबे (31 वर्ष) और कामाख्या मुखर्जी उर्फ फेकु (30 वर्ष) के रूप में की गई है। सभी आरोपी पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न गांवों के रहने वाले हैं।
थाना प्रभारी ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में राहत की भावना देखी जा रही है। नशा तस्करों पर नकेल कसने के इस प्रयास को लेकर प्रशासन की सराहना की जा रही है।

