Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित बीएनआर मैदान मुख्य सड़क पर मंगलवार की देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में पांच दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। घटना रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। सौभाग्य से इस अगलगी में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की शुरुआत सड़क किनारे पड़े कचरे से हुई थी। धीरे-धीरे लपटें बढ़ती चली गईं और आसपास बनी दुकानों तक पहुंच गईं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां — जिनमें राज्य सरकार की दो और टाटा स्टील की दो दमकल शामिल थीं — ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी तेज थी कि दमकल कर्मियों को आसपास के पानी के स्रोतों का भी सहारा लेना पड़ा।
इस घटना में मां भवानी प्लाई स्टोर, गोपाल मुर्गा दुकान, दो पंचर रिपेयरिंग दुकानें और एक आलू दुकान पूरी तरह से जलकर खाक हो गईं। दुकानदारों का कहना है कि आग में लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया। कई दुकानों में प्लाईवुड, मुर्गा फीड और अन्य ज्वलनशील सामान रखे थे, जिससे आग और तेजी से फैली।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और उन्होंने दमकल टीम की मदद की। पुलिस ने इलाके को घेराबंदी कर नियंत्रण में लिया ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के सही कारणों की जांच में जुटे हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, शॉर्ट सर्किट या लापरवाही से फेंका गया जलता कचरा आग लगने का कारण हो सकता है।

