Chaoibasa News:- पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा मुख्यालय में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांधी मैदान स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के बाहर बाइक सवार तीन अपराधियों ने दिनदहाड़े पांच लाख रुपये लूट लिए। इस दौरान पेट्रोल पंप का एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार, आईबीपी पेट्रोल पंप के मालिक पुनित सेठिया के कर्मचारी विमलेश कुमार और संजय नंदी पांच लाख रुपये बैंक में जमा करने पहुंचे थे। जैसे ही वे बैंक गेट पर पहुंचे, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया।
लुटेरों ने रिवॉल्वर की बट से प्रहार कर विमलेश को गंभीर रूप से घायल कर दिया और फिर पिस्तौल की नोक पर पैसों से भरा बैग छीन लिया। यह सब कुछ चंद मिनटों में हुआ और अपराधी आसानी से मौके से फरार हो गए।
हैरानी की बात यह रही कि बैंक और बाजार के आसपास उस समय भारी भीड़ मौजूद थी, लेकिन हथियारबंद अपराधियों के खौफ के कारण कोई भी उनका सामना करने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। पूरी वारदात पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी तरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल कर्मचारी को तत्काल सदर अस्पताल भेजा। वहीं, पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
घटना के बाद पुलिस अपराधियों की तलाश में सक्रिय हो गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि लुटेरों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर जिले में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े बैंक के बाहर इतनी बड़ी रकम की लूट से आम लोगों में दहशत का माहौल है।

