Hazaribag News:- जिले के कोर्रा थाना क्षेत्र में डकैती की योजना बना रहे पांच अपराधियों को पुलिस ने हथियार और आपत्तिजनक सामान के साथ गिरफ्तार किया है। इनके पास से पिस्तौल, देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, सोना-चांदी के गहने, मोबाइल फोन, बोलेरो वाहन और दो बाइक बरामद की गई हैं। पकड़े गए अपराधियों में से अधिकांश के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) अमित आनंद ने रविवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन को शनिवार रात लगभग 8 बजे सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी कनहरी हिल फॉरेस्ट एरिया के पास डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया।
कोर्रा थाना पुलिस और तकनीकी शाखा की सहायता से की गई इस कार्रवाई में अपराधियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इस प्रकार है —
धनीराम सोरेन उर्फ नेपाली
बलराम मुंडा
किशोर कुमार उर्फ बिहारी
तैयब अंसारी
विकास कुमार
पुलिस ने इनके पास से
एक पिस्टल,
एक देशी कट्टा,
छह जिंदा कारतूस,
48 ग्राम सोना,
98 ग्राम चांदी,
आठ मोबाइल फोन,
एक बोलेरो वाहन और
दो बाइक बरामद किए हैं।
इस संबंध में कोर्रा थाना कांड संख्या 185/2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि धनीराम सोरेन और बलराम मुंडा पर पहले से ही हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, डकैती, धमकी, सीएलए और यूपीए कानून के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
छापेमारी दल में अमित आनंद, अजीत कुमार, रोशन कुमार, पुन्नु कुमार यादव, पिंटू कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार राणा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

