Hazaribag News:- बरकट्ठा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ढाबा मालिक के साथ मारपीट और तोड़फोड़ करने वाले पांच उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना गुजरा मोड़ स्थित जीटी रोड किनारे एक ढाबा में हुई, जहां आरोपितों ने पहले ढाबा मालिक के साथ जमकर मारपीट की और फिर पुलिस पर भी हमला करने की कोशिश की।
जानकारी के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज सिंदुरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने जब स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, तो उपद्रवियों ने लाठी-डंडे से हमला कर सरकारी रायफल छीनने की कोशिश की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हल्का बल प्रयोग किया और पांच उपद्रवियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान अजीत कुमार यादव, शिव कुमार यादव, पप्पू कुमार यादव, मुकेश कुमार शर्मा और मुन्ना कुमार यादव के रूप में की गई है। सभी आरोपी हजारीबाग जिले के विभिन्न गांवों के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस ने मौके से एक बोलेरो, एक स्विफ्ट कार और एक इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी भी जब्त की है।
बरकट्ठा थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा और पुलिस पर हमला करने जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि अन्य फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।

