Chaibasa News:- दिनदहाड़े हुई पेट्रोल पंप कर्मी से 5 लाख रुपये की लूट की गुत्थी पुलिस ने महज तीन दिन में सुलझा ली। इस मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के साथ नकदी, हथियार और वारदात में इस्तेमाल सामान भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 86,500 रुपये नकद, एक देशी कट्टा, दो मोटरसाइकिल, दो हेलमेट, दो मोबाइल फोन और घटना के वक्त पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि लूटी गई रकम की आंशिक बरामदगी हुई है और बाकी राशि की खोजबीन के लिए छापामारी जारी है।
अपर पुलिस अधीक्षक पारस राणा ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी कि यह घटना 1 सितंबर की सुबह हुई थी। चाईबासा सदर थाना क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा से आईबीपी पेट्रोल पंप का एक कर्मचारी नकदी लेकर लौट रहा था। तभी हथियारबंद अपराधियों ने उसे रोककर पांच लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल गठित किया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर के नेतृत्व में सदर और मुफ्फसील थाना की टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर अपराधियों की पहचान की। पेशेवर तरीके से कार्रवाई करते हुए महज तीन दिन में पांचों आरोपियों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में लखन जामुदा, साजिश केराई, शिवा सामद उर्फ पोतोह, रितिक मुण्डा और बिरसा मुण्डा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बिरसा मुण्डा के खिलाफ खरसावां और कुचाई थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं लखन जामुदा वर्ष 2018 में चक्रधरपुर रेल थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि लूट में शामिल अन्य संभावित अपराधियों की तलाश और शेष राशि की बरामदगी के लिए अभियान जारी है। इस कार्रवाई में सदर और मुफ्फसील थाना पुलिस टीम के अलावा कई अधिकारी और जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे।

