Jamshedpur News:- परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह में पुरानी रंजिश के चलते युवक रवि यादव पर हुई फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपितों में बागबेड़ा गुदड़ी मार्केट निवासी समीर कुमार सिंह उर्फ पांडू (19), कीताडीह निवासी संजय वर्मा (21) और विवेक साह (19) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के पास से एक काले रंग की स्कूटी और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद किया है।
जांच में सामने आया कि घायल रवि यादव का निहाल तिवारी से कुछ माह पहले मारपीट हुई थी, जिसमें बाद में समझौता हो गया था। हालांकि, निहाल तिवारी ने रंजिश कायम रखते हुए अपने सहयोगियों के साथ उसकी हत्या की योजना बना ली। 5 अगस्त को निहाल तिवारी और समीर कुमार सिंह स्कूटी से ग्वालापट्टी नाला के पास पहुंचे, जहां रवि यादव से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर निहाल तिवारी ने बैग से पिस्तौल और कट्टा निकालकर छह राउंड फायरिंग की, जिससे रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपितों ने वारदात की पूरी योजना पहले से बनाई थी। बरामद मोबाइल फोन का इस्तेमाल वारदात की रेकी और समन्वय में किया गया था। घटना के बाद आरोपित फरार हो गए थे। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने चार राज्यों में छापेमारी की और कई अहम सबूत जुटाए।
सिटी एसपी ने कहा कि फरार आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और घटना में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि अपराधियों से संबंधित किसी भी तरह की सूचना पुलिस को दें, ताकि ऐसे मामलों पर शीघ्र कार्रवाई की जा सके।

