Jamshedpur News:-पूर्वी सिंहभूम जिले के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टूईलाडूंगरी में शुक्रवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना राधाकृष्ण मंदिर के पास की है, जहां लोचन कुमार नामक युवक को निशाना बनाकर दो गोलियां चलाई गईं। हालांकि गनीमत रही कि गोली लोचन को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गए।
घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और फिर पुलिस को सूचित किया गया। गोलमुरी थाना पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरते हुए तफ्तीश शुरू कर दी।
पुलिस ने बरामद किए दो खोखा, एक संदिग्ध हिरासत में
पुलिस को घटनास्थल से दो गोली के खोखे बरामद हुए हैं। वहीं, इलाके में संदिग्ध रूप से घूम रहे एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान हो सके।
पुराना विवाद बना कारण?
पीड़ित लोचन कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका एक वॉशिंग सेंटर है और काफी पहले रविखेरा नामक व्यक्ति से विवाद हुआ था। लोचन का आरोप है कि उन्हीं लोगों ने मिलकर फायरिंग की है।“हमलावरों को मैं चेहरा देखकर पहचान सकता हूं, पर उनके नाम नहीं जानता,” — ऐसा पीड़ित ने पुलिस को बताया।
गोलमुरी थाना प्रभारी ने कहा,“घटना गंभीर है। तकनीकी सहायता और स्थानीय सूत्रों के जरिए हमलावरों की पहचान की जा रही है। जल्दी ही गिरफ्तारी संभव होगी।”
पुलिस अब इस पूरे मामले को आपसी रंजिश और साजिश के एंगल से जांच रही है। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और लोग फिलहाल डरे हुए हैं।

