Palamu News: जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के नौगढ़ गांव में मंगलवार रात एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक फायरिंग हो गई। इस घटना में दूल्हे का भाई गोली लगने से घायल हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है।
घायल युवक की पहचान गढ़वा जिले के पोटमा गांव निवासी कमल चौधरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसके पैर में गोली लगी है और फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार गढ़वा जिले के लगमा गांव से बारात पलामू के नौगढ़ गांव स्थित सुनील चौधरी के घर आई थी। मंगलवार रात द्वारपूजा की रस्म पूरी होने के बाद जयमाला की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान बारात में शामिल एक व्यक्ति ने अवैध हथियार निकालकर हवाई फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से शादी समारोह में मौजूद लोग घबरा गए और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
बताया जाता है कि फायरिंग के दौरान कुछ लोग मोबाइल फोन से वीडियो बनाने लगे। इसी बात को लेकर बारातियों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया। वीडियो डिलीट कराने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते-देखते मारपीट में बदल गई।
इस दौरान कई लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और शादी का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया। घायल कमल चौधरी ने बताया कि विवाद बढ़ने के बाद वह एक गाड़ी में छिप गया था, लेकिन हमलावर ने उसे गाड़ी से बाहर खींच लिया और गोली चला दी। गोली उसके पैर को छेदते हुए निकल गई।
इस मारपीट में दो अन्य युवक भी घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। गोली चलाने का आरोप दुल्हन के चाचा और पारा शिक्षक राकेश चौधरी पर लगाया गया है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवेदन मिला है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

