Ranchi News:- राजधानी रांची के धुर्वा स्थित झारखंड पुलिस मुख्यालय में मंगलवार सुबह आग लगने की घटना ने अफरा-तफरी मचा दी। आग पुलिस मुख्यालय के डाटा सेंटर के ठीक ऊपर बने डेवलपमेंट रूम में लगी, जहां रखी वायर केबल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण धू-धू कर जल उठे। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग को फैलने से पहले ही काबू पा लिया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। हालांकि, जांच टीम ने अभी इस मामले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। आग लगने से डाटा सेंटर में रखे करीब 40 कंप्यूटर और 10 एयर कंडीशनर पूरी तरह जल गए। इसके अलावा कई जरूरी फाइलें और दस्तावेज भी जलकर राख हो जाने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि नुकसान का सटीक आकलन फिलहाल नहीं किया जा सका है।
झारखंड पुलिस मुख्यालय में आग लगने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यहां कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि जहां इतने महत्वपूर्ण सरकारी डेटा और दस्तावेज रखे हों, वहां सुरक्षा और फायर सेफ्टी के कड़े इंतजाम होने चाहिए।
घटना के बाद पुलिस मुख्यालय में कामकाज आंशिक रूप से प्रभावित हुआ। आईटी और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया है, जो डाटा सेंटर की क्षति का आकलन कर रही है। वहीं, फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने बताया कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, अन्यथा नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।
इस घटना ने एक बार फिर पुलिस मुख्यालय की सुरक्षा प्रणाली और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल उच्चाधिकारियों ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं और कहा है कि आग लगने के कारणों की पूरी रिपोर्ट जल्द ही पेश की जाएगी।

