Jamshedpur News:- जुगसलाई थाना क्षेत्र के नया बाजार में बुधवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक अमन कंप्यूटर के पीछे स्थित गली में भीषण आग लग गई। रात के सन्नाटे में उठते धुएं के घने गुबार को देख लोग घरों से बाहर निकल आए और कुछ ही देर में इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की शुरुआत एक प्लास्टिक गोदाम से हुई। प्रारंभिक जांच में बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने गोदाम के साथ-साथ आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। लोगों ने बाल्टी और पाइप की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास जाना मुश्किल हो गया।
सूचना मिलते ही जुगसलाई फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत या घायल होने की खबर नहीं है।
स्थानीय भाजपा नेता सुबोध झा ने बताया कि जब उन्होंने धुआं उठता देखा, तो तुरंत लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। “आग इतनी तेज थी कि कुछ देर तक कोई पास नहीं जा सका। दमकल कर्मियों के आने के बाद ही स्थिति काबू में आई,” उन्होंने कहा।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। नगर निगम और बिजली विभाग की टीम ने एहतियातन इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी ताकि कोई दूसरा हादसा न हो। फिलहाल, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
इस हादसे से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और व्यापारी संगठन ने प्रशासन से सुरक्षा उपाय मजबूत करने की मांग की है।

