Jamshedpur News:- बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के जुबली पार्क के पास मंगलवार दोपहर अचानक अफरा-तफरी मच गई जब पति-पत्नी का घरेलू विवाद सड़क पर जा पहुंचा। यह मामला उस समय सामने आया जब एक महिला, जो चाय की दुकान चलाती है, रोज की तरह दुकान पर बैठी थी। तभी उसका पति वहां पहुंचा और दुकान की कमाई में से पैसे की मांग करने लगा।
पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। महिला का कहना है कि उसका पति कोई काम नहीं करता और न ही घर की जिम्मेदारियों में सहयोग देता है। इसके उलट वह अक्सर घर आकर उसे और बच्चों को गंदी गालियां देता है, जिससे परिवार में तनाव लगातार बना रहता है।
घटना के दौरान पति बार-बार अपशब्द कहता रहा, जिसके बाद महिला अपना आपा खो बैठी और गुस्से में सड़क पर ही उसकी पिटाई कर दी। इस बीच महिला का छोटा बच्चा दोनों के बीच कूदकर उन्हें रोकने की कोशिश करता रहा। बच्चा रोते हुए बार-बार कहता दिखा — “मां, छोड़ दो… पुलिस आ जाएगी।” लेकिन महिला ने पति को छोड़ने से साफ इनकार कर दिया और जोर देकर कहा कि अब वह उसके साथ किसी भी तरह का संबंध नहीं रखना चाहती।
घटना देखते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। अचानक हुए इस ड्रामे से कुछ समय के लिए इलाके में हड़कंप जैसा माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस को भी मामले से अवगत कराया गया है। पुलिस अब इस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से बयान लिए जा रहे हैं। फिलहाल घटना से इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

