Rohtas News:- दावथ थाना क्षेत्र के इटवां गांव में चोरी की बड़ी वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। व्यवहार न्यायालय सासाराम में पेशकार के पद पर कार्यरत चंदन कुमार के पैतृक घर में अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने दावथ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
पीड़ित चंदन कुमार ने बताया कि वे तीन भाई हैं। एक भाई अमेरिका में रहते हैं, दूसरा बेंगलुरु में और वे स्वयं परिवार के साथ सासाराम में रहते हैं। इटवां स्थित पैतृक घर में उनके माता-पिता रहते थे। लेकिन 27 मई को माता-पिता भी अमेरिका चले गए, जिसके बाद घर बंद था।
चंदन कुमार समय-समय पर गांव आते-जाते थे। 9 सितंबर को जब वे दोपहर करीब 2 बजे गांव पहुंचे और घर का गेट खोला तो नजारा देखकर दंग रह गए। सातों कमरों के ताले टूटे पड़े थे। बक्से और आलमारी उखड़े हुए थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था।
चोरी की संपत्ति
-
सोने के आभूषण करीब 70 लाख रुपये के
-
चांदी के आभूषण और बर्तन करीब 2.60 लाख रुपये के
-
नकद 95 हजार रुपये
-
कपड़े, सूटकेस और अन्य कीमती सामान
थाना प्रभारी ज्ञान प्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और मामले की गहन जांच जारी है। फिंगरप्रिंट और अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों में दहशत
गांव में हुई इस वारदात ने लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बंद घरों पर चोरों की नजर रहती है, लेकिन गश्ती और निगरानी की कमी के कारण ऐसे अपराध बढ़ रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने की मांग की है।

