Jamshedpur News:- साकची मेन रोड स्थित बंगाल क्लब के पास सोमवार देर रात एक भीषण हादसा हुआ। तेज रफ्तार वरना कार ने सड़क किनारे खड़ी स्कार्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि दोनों वाहनों में देखते ही देखते आग लग गई और आग की लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं।
अचानक उठी आग की वजह से आसपास अफरा–तफरी मच गई। राहगीरों में हड़कंप का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक दोनों कारें आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल चुकी थीं।
हादसे के बाद वरना कार में सवार दो युवक मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश में पुलिस जुटी है। वहीं, स्कार्पियो के मालिक गोलमुरी नामदा बस्ती निवासी रोशन सिंह अपने परिवार के साथ पास के एक रेस्टोरेंट में खाना खा रहे थे। आग लगने की जानकारी मिलने पर जब वे बाहर आए तो उनकी गाड़ी राख में बदल चुकी थी।
पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि दुर्घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके और फरार युवकों की पहचान की जा सके।

