Latehar News:- लातेहार जिले के बरियातू प्रखंड स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में सोमवार की सुबह अचानक आग लग गई। घटना इतनी भीषण थी कि हॉस्टल में रखे गए बेड और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि आग लगने के समय सभी छात्राएं पीटी (शारीरिक प्रशिक्षण) के लिए हॉस्टल से बाहर थीं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह छात्राएं पीटी कर रही थीं। इसी दौरान हॉस्टल की ओर से धुआं निकलता दिखाई दिया। जब विद्यालय के सुरक्षा कर्मी ने वहां जाकर देखा तो पाया कि हॉस्टल के अंदर तेज लपटों के साथ आग भड़क रही थी। देखते ही देखते आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और तुरंत आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी।
छात्राएं और सुरक्षा कर्मी मिलकर चापानल से पानी भर-भरकर आग बुझाने में लगे रहे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक हॉस्टल में रखे सभी बेड और जरूरी सामान जलकर खाक हो चुके थे।
सूचना मिलते ही लातेहार जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) प्रिंस कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट आग लगने की मुख्य वजह मानी जा रही है। हालांकि, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घटना में किसी भी छात्रा को चोट नहीं आई है, जो राहत की बात है।
फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। विद्यालय प्रबंधन ने भी आश्वासन दिया है कि छात्राओं की पढ़ाई और रहने की सुविधा में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।

