Koderma News:- कोडरमा जिले में शनिवार रात हुए सड़क हादसे में स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान 55 वर्षीय सुलोचना कुमारी, पत्नी रंजीत कुमार (निवासी झुमरीतिलैया) के रूप में हुई है। वह कोडरमा सदर अस्पताल में लिपिक के पद पर कार्यरत थीं।
घटना शनिवार शाम की है, जब सुलोचना कुमारी ड्यूटी समाप्त कर अपने पुत्र के साथ बाइक से झुमरीतिलैया स्थित अड्डी बंगला रोड स्थित घर लौट रही थीं। रांची-पटना मुख्य मार्ग (एनएच-20) पर महाराणा प्रताप चौक के पास अचानक एक गाय सड़क पर आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे सुलोचना कुमारी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल अवस्था में उन्हें तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पति और परिजन अस्पताल पहुंचे। महिला की मौत की पुष्टि होते ही परिवार के सदस्यों में मातम छा गया।
बताया जाता है कि मृतका के पति पूर्व में सरकारी शिक्षक रहे हैं और दो वर्ष पूर्व से सेवानिवृत्त हुए थे। सुलोचना कुमारी अपने पीछे तीन पुत्रों का परिवार छोड़ गई हैं।
यह हादसा सड़क सुरक्षा और आवारा पशुओं की समस्या पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

