Hazaribag News:- छठ महापर्व के तीसरे दिन सोमवार को हजारीबाग जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के बेंगवरी घाट पर अर्घ्य देने पहुंची एक महिला श्रद्धालु की दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतका मम्पी कुमारी अर्घ्य देने के दौरान जल में डुबकी लगा रही थीं, तभी अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द महसूस हुआ और वे बेहोश होकर गिर पड़ीं। घाट पर मौजूद अन्य व्रतियों और परिजनों ने तुरंत उन्हें पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर फैलते ही घाट पर अफरा-तफरी और शोक का माहौल बन गया। बताया जाता है कि मम्पी कुमारी पिछले कई वर्षों से पूरे श्रद्धा और विधि-विधान के साथ छठ व्रत करती आ रही थीं। परिवारवालों ने बताया कि वह अत्यंत भक्तिभाव और आस्था से इस पर्व का पालन करती थीं। उनके निधन की सूचना जैसे ही गांव पहुंची, पूरा इलाका शोक में डूब गया।
स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने बताया कि मम्पी समाज में धार्मिक प्रवृत्ति और सेवा भावना के लिए जानी जाती थीं। उनके निधन से गांव में गहरी उदासी छा गई है।
इससे एक दिन पहले केरेडारी प्रखंड के कराली गांव में भी दो बच्चियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई थी। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे छठ पर्व के दौरान सावधानी बरतें, घाटों पर भीड़भाड़ में संयम रखें और किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत प्रशासन या बचाव दल से संपर्क करें।

