बेगूसराय।

बेखौफ बदमाशों ने सोमवार की रात एक ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक ठेकेदार की शिनाख्त सिमरिया निवासी रिटायर्ड रेल कर्मचारी अरविंद सिंह के पुत्र नीरज कुमार के रुप में की गई है। घटना के बाद ईलाके में सनसनी है।पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। भूमिहार ब्राह्मण एकता मंच से जुड़ा था एवं भारत रक्षा मंच का जिलाध्यक्ष था। मृतक नीरज बैंक की नौकरी छोड़ कर बेगूसराय एवं नालंदा में ठेकेदारी करता था। मृतक का बेगूसराय में पुल निर्माण तथा नालंदा में विश्वविद्यालय के पुनर्निर्माण का कार्य चल रहा था।
घटना के संबंध में मिली जानकारी अनुसार सोमवार की रात में खाना खाने के बाद नीरज अपने दोस्तों के साथ गांव में ही काली स्थान के समीप बैठा हुआ था। तभी बाइक पर सवार होकर आए एक दर्जन से अधिक बदमाशों ने उसे गोलियों से भून डाला और हथियार लहराते हुए फरार हो गए। परिजन भी फिलहाल कुछ बताने की स्थिति में नहीं हैं।
सूत्रों के अनुसार नीरज एवं उसके सहयोगी दोस्तों का तीन-चार दिन से बीहट के कुछ युवकों से विवाद चल रहा था। सोमवार की रात भी नीरज का बीहट के लड़कों के साथ विवाद हुआ था, जिसमें युवकों ने देख लेने की धमकी दी थी। उसके बाद रोज की तरह जब नीरज अपने दोस्तों के साथ काली मंदिर के समीप बैठा था, तभी बाइक पर सवार होकर आए बेखौफ बदमाशों ने एक दर्जन से अधिक गोलियां चलाई। जिसमें पांच-छह गोली लगने से नीरज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि पिछले 24 घंटे के दौरान बेगूसराय में बदमाशों ने तीन लोगों को गोलियों से भून डाला है। जिसमें एक की मौत हो गई, जबकि दो लोग अस्पताल में भर्ती हैं ।