Ramgarh News;- रामगढ़ जिले में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक पिता ने अपने ही बेटे की हत्या कर दी। यह घटना वेस्ट बोकारो ओपी क्षेत्र के बड़गांव गांव में घटी। पुलिस के अनुसार, सुशील जायसवाल और उनके बेटे संगीत जायसवाल के बीच सुबह किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि गुस्से में पिता ने डंडे से बेटे की पिटाई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि मारपीट इतनी जबरदस्त थी कि बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान संगीत कुमार के रूप में हुई है।
घटना के बाद घर और गांव दोनों जगह मातम छा गया। परिवारजन सदमे में हैं, वहीं गांव में भी सन्नाटा पसर गया है। घटना की जानकारी मिलते ही वेस्ट बोकारो ओपी प्रभारी दीपक सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ भेजने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि घटना में आरोपी पिता सुशील जायसवाल भी घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए रांची रोड स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाप-बेटे के बीच पैसों को लेकर अक्सर विवाद होता था, लेकिन किसी ने सोचा भी नहीं था कि यह विवाद हत्या तक पहुंच जाएगा। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
फिलहाल, इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गांव वाले इस बात से सकते में हैं कि एक पिता अपने ही बेटे की जान ले सकता है।

