Palamu News:– । पलामू प्रमंडल के गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर क्षेत्र में यूरिया खाद की भारी कमी से परेशान किसान शुक्रवार को सड़कों पर उतर आए और जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, गोसाईबाग मैदान में यूरिया से भरा एक ट्रक पहुंचा था, जिसे सात डीलरों के बीच बांटा जाना था। इसकी भनक लगते ही हजारों किसान मौके पर इकट्ठा हो गए और खाद की मांग को लेकर हंगामा करने लगे।
किसानों का आरोप – कालाबाजारी हो रही
किसानों ने आरोप लगाया कि धान की फसल के लिए जब खाद की सबसे ज्यादा जरूरत है, तभी यूरिया उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। उनका कहना है कि खाद की आपूर्ति में गड़बड़ी है और असली किसानों तक खाद नहीं पहुंच रही। कई किसानों ने बताया कि वे डीलरों के यहां लगातार चक्कर काट रहे हैं, लेकिन खाद मिल ही नहीं रही। कालाबाजारी के कारण उनकी धान की फसल पर संकट मंडरा रहा है।
पुलिस हस्तक्षेप से शांत हुए किसान
करीब दो हजार किसानों की भीड़ और आक्रोश को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभाले। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पारदर्शी तरीके से खाद का वितरण नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन को मजबूर होंगे।
ट्रक चालक लेकर भागा ट्रक
इधर, किसानों की भारी भीड़ और बढ़ते विवाद को देखते हुए ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। इससे किसान निराश होकर बिना खाद लिए ही बैरंग लौट गए।
किसानों ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि तुरंत खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी में वितरण हो, ताकि धान की फसल को बचाया जा सके।

