Giridih News:- जिले की जमुआ थाना पुलिस ने नकली नोटों के कारोबार में संलिप्त गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में चार थानों की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई गुरुवार को की। पुलिस ने जमुआ के चिटरडीह रोड स्थित चंदा मोड़ के पास से दो आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के फूफंदी गांव निवासी अभिषेक राणा और हीरोडीह थाना क्षेत्र के बेरिया गांव निवासी नितिन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 45 हजार रुपये के जाली नोट, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि दोनों आरोपी जाली नोट खपाने के बड़े नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर जिले के अलग-अलग इलाकों में जाली नोटों को खपाने का काम करते थे। फरार दो अन्य अपराधियों की पहचान हीरोडीह थाना क्षेत्र के बेरिया गांव निवासी योगेश मंडल और मंदरो गांव निवासी राज उर्फ राजेश मंडल के रूप में की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह लंबे समय से जिले में नकली नोट चलाने की साजिश में सक्रिय था। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इन्हें जाली नोट की सप्लाई कहां से और किन लोगों के माध्यम से मिलती थी। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ जारी रखी है और फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है।
पुलिस का मानना है कि जाली नोटों का यह नेटवर्क जिले के बाहर तक फैला हो सकता है। जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।

