Ranchi News:- राजधानी रांची में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली पनीर की भारी खेप को जब्त किया है। यह छापा गुरुवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) उत्कर्ष कुमार के नेतृत्व में ओरमांझी थाना क्षेत्र में मारा गया। कार्रवाई खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के निर्देशन में की गई, जिसमें नकली और मानकविहीन पनीर को जब्त किया गया।
सूचना मिलने पर एसडीओ की टीम ने तत्काल त्वरित कदम उठाते हुए एक ऑटो को रोका, जिसमें भारी मात्रा में पनीर रांची ले जाया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में यह पनीर बेहद घटिया गुणवत्ता का पाया गया, जो खाद्य मानकों के अनुरूप नहीं था। आशंका जताई जा रही है कि इस पनीर का उत्पादन किसी अवैध इकाई में किया गया और स्थानीय बाजार में खपाने की तैयारी थी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर ही पनीर के नमूने लेकर उसे जांच के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया यह नकली पनीर मानव स्वास्थ्य के लिए खतरनाक माना जा रहा है। विभाग ने इसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की विभिन्न धाराओं के तहत गंभीर उल्लंघन माना है।
एसडीओ उत्कर्ष कुमार ने बताया कि ऐसी अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से भी अपील की कि इस तरह की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने यह स्पष्ट कर दिया है कि गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह के अभियान चलाए जाएंगे।

