Araia News:– शिक्षा और शिष्टाचार का पाठ पढ़ाने वाले शिक्षकों की एक शर्मनाक करतूत सामने आई है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में प्रशिक्षण के दौरान चार शिक्षकों द्वारा संस्थान की सामग्रियों की चोरी का मामला उजागर हुआ है, जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। इस घटना ने न सिर्फ शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि शिक्षक समाज की छवि को भी गहरी ठेस पहुंचाई है।
डायट के प्रभारी प्राचार्य आफताब आलम ने इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को पत्र लिखकर पूरे मामले की जानकारी दी है। पत्र में बताया गया है कि जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के आदेश पर पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के लिए विभिन्न प्रखंडों से शिक्षकों को नामित किया गया था। प्रशिक्षण के दौरान ही चार शिक्षकों द्वारा संस्थान की उपयोगी सामग्रियों की चोरी कर ली गई।
प्रभारी प्राचार्य के अनुसार पलासी प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बिहारी के शिक्षक मो. नूरुल इस्लाम, जोकीहाट प्रखंड के डुमरिया हरिजन टोला प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक मो. मजहर आलम, प्राथमिक विद्यालय रहरिया के शिक्षक मो. नियाज़ आलम और प्राथमिक विद्यालय हैयाधार के शिक्षक मो. तौकीर आलम पर चोरी का आरोप है। इन शिक्षकों द्वारा बल्ब, बेडशीट, चाय कप, हैंडवॉश डिस्पेंसर सहित अन्य आवश्यक सामग्रियां चोरी की गईं, जो डायट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि अतिरिक्त जांच के दौरान चोरी की गई सामग्रियां शिक्षकों के निजी वाहन और उन्हें आवंटित कमरों से बरामद की गई हैं। प्रभारी प्राचार्य ने इसे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ शिक्षक समुदाय की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताया है। उन्होंने डीईओ से संबंधित शिक्षकों के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई करने और लगभग आठ हजार रुपये की क्षति राशि की वसूली कर संस्थान को उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि प्रभारी प्राचार्य का पत्र प्राप्त हो गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया जाएगा। आरोप सिद्ध होने की स्थिति में दोषी शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

