Ramgarh News:- जिले के गोला थाना क्षेत्र में बिजली के तांबे के तार चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से करीब 120 किलोग्राम तांबे का तार बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी अजय कुमार ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से सरकारी और निजी संस्थानों के परिसर एवं प्लांटों में लगे बिजली के महंगे तारों को चोरी कर रहा था। चोरी किए गए तार को कबाड़ी के माध्यम से बेचा जाता था। चौंकाने वाली बात यह है कि कबाड़ी खुद इन चोरों को चोरी के दौरान स्कॉर्ट करता था।
एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुतरी गांव में स्कूल वैन से तार चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने झरियागढ़ा पुल के पास सिल्वर रंग की स्कूल वैन (मारूति ओमनी जेएच 07 डी 0662) को रोका। मौके से मोरपा गांव के कौलेश्वर यादव उर्फ रेगा, तसौवर अंसारी, कोरांबे के नितेश कुमार महतो और अबुध महतो उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया गया। वाहन की तलाशी में 120 किलो बिजली का तार बरामद हुआ।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने वैन को जब्त कर लिया। इसी बीच वैन को स्कॉर्ट करते हुए दो कबाड़ी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में लिया। उनकी पहचान कोरांबे निवासी अमर कुमार दांगी और रामगढ़ पारसोतिया निवासी सुरेंद्र चौधरी के रूप में हुई। पूछताछ में चोरों ने बताया कि अमर और सुरेंद्र चोरी के तार की खरीद-बिक्री का काम करते हैं।
एसपी ने बताया कि सुरेंद्र चौधरी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पूर्व में कई चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व की घटनाओं की भी जांच कर रही है।

