विधायक डॉ. नीरा यादव ने किया शिलान्यास, कहा– “जनसमस्याओं का समाधान मेरी पहली प्राथमिकता”
Koderma News:- जिला मुख्यालय से सटे नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 1, फुलवरिया गांव के लोगों का लंबे समय से बिजली पहुंचने का सपना अब पूरा होने जा रहा है। मंगलवार को यहां बिजली पोल गाड़ने के कार्य की शुरुआत हुई। विधायक डॉ. नीरा यादव ने पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर इस कार्य का शिलान्यास किया।
फुलवरिया गांव अब तक बिजली से वंचित था। ग्रामीण वर्षों से इस सुविधा की मांग कर रहे थे। वन विभाग की आपत्ति के कारण गांव तक पोल और तार नहीं लगाए जा सके थे, हालांकि घरों में कनेक्शन दे दिए गए थे। विधायक के लगातार प्रयास और विधानसभा में इस मुद्दे को उठाने के बाद आखिरकार समाधान निकल सका और अब अगले 15 दिनों के भीतर गांव के घरों में बिजली पहुंच जाएगी।
शिलान्यास के मौके पर विधायक डॉ. नीरा यादव ने कहा– “कोडरमा विधानसभा क्षेत्र के हर इलाके का विकास मेरी प्राथमिकता है। फुलवरिया गांव में बिजली पहुंचाना एक बड़ा कदम है। अब ग्रामीणों को जंगली जानवरों और अंधेरे के डर से मुक्ति मिलेगी, बच्चे रात में पढ़ाई कर सकेंगे और गांव विकास की राह पर आगे बढ़ेगा।”
ग्रामीणों ने इस अवसर पर पानी और सड़क की समस्या भी रखी। इस पर विधायक ने बताया कि गांव के लिए दो डीप बोरिंग की स्वीकृति दी जा चुकी है और जल्द ही पेयजल के साथ-साथ सड़क की सुविधा भी उपलब्ध करा दी जाएगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में विधायक के साथ उनके पति विजय यादव, संजीव समीर, विनोद कुमार मुन्ना, दिनेश सिंह, सुनील यादव, विजय सिंह, नरेंद्र सिंह, पंकज कुमार सिंह, दिलीप कुमार और निवर्तमान वार्ड पार्षद सचिन कुमार मौजूद रहे। मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण भी उपस्थित थे।
ग्रामीणों ने विधायक के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि आखिरकार लंबे इंतजार के बाद गांव में विकास की किरण पहुंचेगी।
