Garhwa News:- पुलिस ने सोमवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिले में ज्वेलरी शॉप में होने वाली डकैती की साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। हालांकि गिरोह का सरगना धीरज मिश्रा और उसके दो सहयोगी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार-झारखंड का कुख्यात अपराधी धीरज मिश्रा अपने गिरोह के साथ गढ़वा में किसी ज्वेलरी शॉप को लूटने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने विशेष छापामारी दल का गठन किया और शहर के विभिन्न स्थानों पर टीम को तैनात कर दिया।
सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे डालटनगंज की ओर से दो बाइक और एक स्कूटी पर आठ संदिग्ध युवक टंडवा चौक की ओर आते दिखे। पुलिस ने बैरिकेट लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की। खुद को घिरता देख सभी युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में हथियार और नकदी बरामद हुई।
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से छह देशी कट्टा, 10 जिंदा कारतूस, दो चाकू, आठ मोबाइल फोन, दो बाइक, एक स्कूटी, एक बड़ा थैला और 15 हजार रुपये नकद जब्त किए। पूछताछ में सभी ने रुप अलंकार ज्वेलर्स को लूटने की योजना की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार धीरज मिश्रा का गिरोह लंबे समय से बिहार और झारखंड में सक्रिय है और कई संगीन घटनाओं को अंजाम दे चुका है। गिरोह का सरगना फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी तेज कर दी गई है।
गढ़वा पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फरार अपराधियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई से न केवल गढ़वा बल्कि पूरे इलाके में राहत की लहर है। स्थानीय लोग पुलिस की तत्परता और साहसिक कदम की सराहना कर रहे हैं।

