Ranchi News;- झारखंड की राजधानी रांची से एक बार फिर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 734 करोड़ रुपये के बहुचर्चित जीएसटी घोटाले की जांच के दौरान मास्टर माइंड के करीबी अमित गुप्ता की 15.41 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। इससे पहले भी ईडी इस मामले में 5.20 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है।
अधिकारिक सूत्रों ने जानकारी दी कि जब्त की गई सभी संपत्तियां कोलकाता में स्थित हैं। जांच में सामने आया कि घोटाले के सिंडिकेट से जुड़े लोगों ने सिर्फ कमीशन के रूप में ही 67 करोड़ रुपये की अवैध कमाई की थी।
गौरतलब है कि ईडी ने यह जांच जीएसटी इंटेलिजेंस द्वारा दर्ज किए गए मामलों के आधार पर शुरू की थी। इसी सिलसिले में ईडी ने 8 मई 2025 को जमशेदपुर और कोलकाता में एक साथ छापेमारी की थी। छापेमारी में मिले दस्तावेज और डिजिटल सबूतों के आधार पर इस घोटाले के मास्टर माइंड शिवकुमार देवड़ा, मोहित देवड़ा, अमित गुप्ता और अमित अग्रवाल उर्फ विक्की भालोटिया को गिरफ्तार किया गया था।
ईडी ने गिरफ्तारी के बाद आरोपितों के खिलाफ आरोप पत्र भी दायर किया। जांच में यह बड़ा खुलासा हुआ कि आरोपितों ने 135 शेल कंपनियां बनाईं और उन्हीं के सहारे फर्जी कारोबार खड़ा कर जीएसटी का इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) लिया। खास बात यह है कि इनमें किसी भी तरह की वास्तविक सामग्री की आपूर्ति नहीं की गई थी। आरोपितों ने फर्जी जीएसटी बिल बनाकर व्यापारियों से पांच प्रतिशत तक का कमीशन वसूला। इसी माध्यम से उन्होंने 67 करोड़ रुपये का काला धन इकट्ठा किया।
ईडी ने साफ किया है कि मामले की जांच अब भी जारी है और आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई संभव है।

