Palamu News:- झारखंड के पलामू जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जंगली मशरूम (खुखड़ी) खाने से एक ही परिवार के छह लोगों सहित कुल नौ लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए। सभी पीड़ितों को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
यह घटना चैनपुर प्रखंड के रबदा केवाल टोला गांव की है। बुधवार दोपहर गांव के कुछ लोगों ने बांस के पास उगे जंगली मशरूम को पकाकर खाया। शुरुआत में सबकुछ सामान्य था, लेकिन दो घंटे बाद सभी को चक्कर आने लगे, उल्टियां शुरू हो गईं और धीरे-धीरे बेहोशी की हालत में चले गए।
बीमारों में पूर्ति कुंवर, अशोक चौधरी, प्रभा देवी, आदर्श चौधरी, रीता कुमारी, अरविंद कुमार, अखिलेश्वर कुमार चौधरी, सुषमा देवी और दुर्गावती कुमारी शामिल हैं। इनमें से छह लोग एक ही परिवार के हैं, जबकि बाकी तीन लोग गांव के अन्य निवासी हैं।
बीमारों के परिजन ललन चौधरी ने बताया कि जब स्थिति बिगड़ने लगी तो उन्हें संदेह हुआ कि शायद मशरूम जहरीला था। उन्होंने तुरंत सभी को अस्पताल पहुंचाया और डॉक्टरों को खाए गए मशरूम की तस्वीर भी दिखाई। डॉक्टरों ने उसे जहरीला बताते हुए इलाज शुरू किया।
डॉक्टरों ने आम लोगों से अपील की है कि वे जंगल या बांसों के पास पाए जाने वाले मशरूम का सेवन करने से पहले उसकी पूरी पहचान कर लें, क्योंकि कई बार यह जहरीला भी हो सकता है और जानलेवा साबित हो सकता है।

