Chaiasa News:- जिले के चक्रधरपुर में शुक्रवार देर रात दुर्गा पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान दो पूजा समितियों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते माहौल इतना बिगड़ा कि लाठी-डंडों और चाकू से हमला होने लगा। इस हमले में सात लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रेलवे हरिजन बस्ती दुर्गा पूजा समिति और एक अन्य समिति के सदस्यों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई। कहा-सुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान कुछ युवकों ने हरिजन बस्ती के समूह पर अचानक हमला कर दिया और चाकू से ताबड़तोड़ वार करने लगे।
घायलों की पहचान रिक्की मुखी, ध्रुव मुखी, गोविंदा मुखी, दिनेश मुखी, अतुल मुखी, अमन मुखी और अजय मुखी के रूप में हुई है। इनमें रिक्की मुखी की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे तत्काल रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य घायल भी वहीं उपचाराधीन हैं।
घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने पूरे इलाके में अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 15 की संख्या में आए हमलावरों ने अचानक हमला किया और फरार हो गए। इस घटना के बाद हरिजन बस्ती में तनाव फैल गया है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है ताकि माहौल सामान्य रहे।

