Chaibasa News:- चाईबासा–हाता मुख्य मार्ग पर शनिवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। रुंगटा प्लांट के पांच नंबर गेट के पास लौह अयस्क से लदा डंपर अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा पर पलट गया। घटना में दो लोगों की मौत हो गई, वहीं पांच गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में ई-रिक्शा चालक भी शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
हादसा सुबह करीब 5.30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर के पलटते ही जोरदार धमाका हुआ और ई-रिक्शा पूरी तरह डंपर के नीचे दब गया। उसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुटे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और राहत-बचाव दल के पहुंचने के बाद भारी मशीनरी की मदद से डंपर को हटाया गया। उसके बाद दबे हुए लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एम्बुलेंस से इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्लांट के प्रवेश मार्ग पर सड़क की स्थिति काफी खराब है और इसी के कारण अक्सर भारी वाहनों का संतुलन बिगड़ जाता है। कई बार सड़क मरम्मत की मांग की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
थाना पुलिस मौके पर पहुँची और सड़क खाली कराने के प्रयास शुरू कर दिए। थाना प्रभारी ने बताया कि—
“डंपर चालक, वाहन की तकनीकी खराबी और सड़क की स्थिति की जांच की जाएगी। प्राथमिक जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।”
इस हादसे से क्षेत्र में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल है। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि समय रहते सड़क का मरम्मत हुआ होता तो शायद यह हादसा टल सकता था।

