Jamshedpur News:- जमशेदपुर शहर के मानगो बस स्टैंड के पास स्थित पलंग मार्केट में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना इतनी भयावह थी कि बाजार में रखे लकड़ी, फर्नीचर, गद्दे और कपड़े की दुकानों का सारा सामान जलकर राख हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात बाजार से अचानक धुआं उठता दिखा। लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। खबर मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सौभाग्य से इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकानदारों को लाखों रुपये के नुकसान का सामना करना पड़ा है।
आग लगने के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है, हालांकि दुकानदारों ने रंगदारी विवाद की आशंका जताई है। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले ‘शुरू नामक युवक’ ने दुकानदारों से रंगदारी मांगी थी और रुपये नहीं देने पर दुकानें जला देने की धमकी दी थी।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि आग लगने से कुछ ही देर पहले कुछ संदिग्ध युवकों को बाजार के आसपास घूमते हुए देखा गया था। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
फिलहाल प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और प्रभावित दुकानदारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया गया है।

