Ramgarh News:- रामगढ़ शहर के अनुमंडल कार्यालय के पास गुरुवार को दिनदहाड़े नशे में धुत्त युवक ने जूस बेच रहे व्यक्ति पर गोली चला दी। गोली जूस विक्रेता को छूकर निकल गई, जिससे वह बच गया। घटना के समय इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर मौके पर पेट्रोलिंग कर रहे पैंथर जवान तुरंत पहुंचे और नशे में धुत्त युवक को पकड़ लिया। पुलिस ने उसे थाने लेकर आकर पूछताछ शुरू कर दी। गिरफ्तार युवक की पहचान बरकाकाना ओपी क्षेत्र के घुटुवा निवासी धीरज कुमार उर्फ मोदी के रूप में हुई है।
पुलिस ने धीरज कुमार के पास से एक देसी कट्टा और एक खोखा बरामद किया। रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि युवक नशे में था। जूस विक्रेता से उसने जूस मांगा, लेकिन देरी होने पर उसने अपना आपा खो दिया और गोली चला दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की पूरी सच्चाई जूस विक्रेता का बयान मिलने के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल जूस विक्रेता ने इलाज के लिए अस्पताल में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी युवक की कुंडली खंगाल रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद या तनाव की स्थिति में संयम बनाए रखें और हथियार का उपयोग न करें। साथ ही नशे में वाहन चलाने और सार्वजनिक स्थान पर हिंसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

