Koderma News:- झारखंड के कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत मेघातरी घाटी के पास शनिवार रात को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें ट्रेलर और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में ट्रेलर चालक सुबोध यादव (35 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बिहार के नालंदा जिले का निवासी था। घटना में ट्रेलर के खलासी कपिलदेव चौधरी घायल हो गए। वहीं स्कार्पियो में सवार तीन बालिकाएं – साक्षी कुमारी, अभियांशी कुमारी और शारदा साहनी, जो सभी फतुहा (पटना) की रहने वाली हैं, गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार, ये सभी लोग स्कॉर्पियो से रजरप्पा मंदिर में पूजा कर लौट रहे थे और फतुहा की ओर जा रहे थे।
जब उनकी स्कॉर्पियो मेघातरी घाटी के समीप पहुंची, उसी समय पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रेलर ने वाहन को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कार्पियो के पिछले हिस्से को भारी क्षति पहुँची, जिससे तीनों बालिकाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्क्षण कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां घायलों का इलाज जारी है। ट्रेलर चालक की मौत से इलाके में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

