Palamu News:- झारखंड के पलामू जिले में घरेलू हिंसा का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। रामगढ़ थाना क्षेत्र के उलडंडा पंचायत स्थित बागी ग्राम के पाचोपड़वा टोला में सोमवार की रात शराब के नशे में पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर और गर्दन मरोड़कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान सुनीता देवी (40) के रूप में हुई है, जो विपन भुइयां की पत्नी थीं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच, मेदिनीनगर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सुनीता देवी ने भी शराब का सेवन किया था। शराब के नशे में वह गांव के गुमटी दुकानदार नंदकिशोर उरांव की दुकान पर पहुंची थी। वहां से वह नशे की हालत में शराब की बोतल और ग्लास लेकर लौटी। हालत बिगड़ने पर दुकानदार ने बिगनी देवी (ननद) को बुलाकर महिला को घर पहुंचवाया।
घर पहुंचने के बाद पति-पत्नी में विवाद हुआ, जो धीरे-धीरे हिंसक हो गया। पति विपन भुइयां ने पहले लाठी से पिटाई की, फिर गर्दन मरोड़कर उसकी हत्या कर दी। महिला के शरीर पर कई चोट के निशान मिले हैं, जिन पर हल्दी का लेप भी चढ़ा हुआ था — जिससे ये स्पष्ट होता है कि उसे गंभीर चोटें आई थीं।
थाना प्रभारी ओम प्रकाश शाह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। बिगनी देवी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
मृतका के तीन बच्चे हैं। बड़ा बेटा शादीशुदा है, एक 18 वर्षीय बेटा और 12 साल की बेटी है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में भारी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

