Koderma News:- झारखंड के कोडरमा जिले में रविवार देर रात इंसानियत और कर्तव्यपरायणता की एक मिसाल सामने आई, जब एक डॉक्टर और पुलिस टीम ने बस में महिला का सुरक्षित प्रसव कराया। इस दौरान हो रही भारी बारिश और आपात स्थिति के बावजूद टीम ने बिना समय गंवाए यह चुनौती स्वीकार की। महिला और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।
जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय राधा देवी, जो पटना से रांची की ओर साईं बस से सफर कर रही थी, कोडरमा के पास अचानक प्रसव पीड़ा से तड़पने लगी। यात्रियों और परिजनों की मदद के बावजूद स्थिति गंभीर हो गई। ऐसे में बस को कोडरमा के तिलैया इलाके में लाया गया, जहां एक पीसीआर वैन के पुलिसकर्मियों से मदद ली गई।
रात की बारिश और डॉक्टर की अनुपलब्धता के बीच, पुलिसकर्मियों ने राधा को लेकर झुमरीतिलैया स्थित आर्यन हॉस्पिटल के डॉक्टर प्रवीण कुमार से संपर्क किया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए डॉ. प्रवीण अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बस में ही सुरक्षित डिलीवरी कराई। रात 2:40 बजे राधा ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
प्रसव के बाद महिला और बच्ची दोनों को आर्यन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार को छुट्टी दे दी गई। राधा की मां मीना देवी ने बताया कि राधा का पति मुंबई में मजदूरी करता है, और उसे पहले से एक बेटी भी है।
इस मानवीय प्रयास की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है। पुलिस और चिकित्सक की त्वरित कार्रवाई ने एक जीवन को सुरक्षित रूप से दुनिया में आने का अवसर दिया।

