Latehar News:- झारखंड से नक्सलियों के खात्मे को लेकर सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाल लिया है। इसी क्रम में बुधवार को बेतला में आईजी सुनील भास्कर की अध्यक्षता में प्रमंडल स्तरीय क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। इस बैठक में डीआईजी नौशाद आलम, लातेहार एसपी कुमार गौरव, गढ़वा एसपी अमन कुमार, पलामू एएसपी के अलावा सीआरपीएफ और एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में सरकार के निर्देश के बाद नक्सल उन्मूलन पर ठोस रणनीति तैयार की गई। आईजी सुनील भास्कर ने लातेहार, गढ़वा और पलामू जिलों के एसपी को सख्त निर्देश दिया कि नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान और तेज किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस अब पूरी मजबूती के साथ नक्सलियों के विरुद्ध मोर्चा खोलेगी।
आईजी ने स्पष्ट कहा कि नक्सलियों के पास अब सिर्फ दो ही विकल्प हैं—या तो वे हथियार डालकर आत्मसमर्पण करें या फिर पुलिस की कार्रवाई का सामना करें। बैठक में सामुदायिक पुलिसिंग को भी अहम बताया गया। निर्देश दिए गए कि थाना में आने वाले हर पीड़ित के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार किया जाए। अगर किसी थाना प्रभारी की शिकायत मिली तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सुरक्षा बल गांव-गांव जाकर नक्सलियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाएंगे और आम लोगों का विश्वास जीतने के लिए सामाजिक कार्यक्रम भी करेंगे। नक्सल उन्मूलन के साथ-साथ पुलिस-जनसंपर्क को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
डीआईजी नौशाद आलम ने बताया कि तीनों जिलों में नक्सलियों को खत्म करने के लिए अभियान तेज करने का आदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस और अर्धसैनिक बल समन्वय के साथ ऑपरेशन चलाएंगे, ताकि नक्सली गतिविधियों को पूरी तरह से खत्म किया जा सके।
झारखंड में नक्सल उन्मूलन को लेकर अब प्रशासन पूरी तरह से सख्त हो गया है और आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर अभियान देखने को मिलेगा।

